पिंकी बैरवा नामक युवती मानसिक रूप से विमंदित थी, जिसके माता-पिता का निधन हो चुका था। चार बहनों में सबसे छोटी अविवाहित पिंकी गंगापुर सिटी (जिला सवाई माधोपुर, राजस्थान) के पास एक गाँव में अपनी बहन के घर रहती थी, जो मई, 2022 में एक रात अचानक घर से लापता हो गई। उसकी बहनों व परिवारजनों से खूब तलाशा, लेकिन पिंकी कहीं नहीं मिली। उन्होंने पुलिस थाने में इसकी गुमशुदगी भी दर्ज करवाई।
दूसरी ओर, भटकती हुई युवती टोंक जिले में पहुंच गई, जहाँ प्रशासन के आदेश से उसे लावारिस स्थिति में मनोचिकित्सा केन्द्र, जयपुर में भर्ती करवा दिया गया। वहाँ लगभग 4 वर्ष तक उपचार के बाद जब उसकी मानसिक स्थिति में सुधार हुआ, तो युवती को नारी निकेतन, अजमेर (राजस्थान) में भेज दिया गया। उस समय नारी निकेतन, अजमेर की अधीक्षक के माध्यम से इस युवती का प्रकरण LOST FOUND PERSON के ध्यान में लाया गया। इस बीच युवती को अपना घर आश्रम, अजमेर (राजस्थान) में प्रवेश दिया गया। LOST FOUND PERSON द्वारा प्रयास करके मात्र दो दिन में युवती का परिवार तलाश लिया गया। अपनी खोई हुई बहन की सूचना अचानक चार साल बाद मिलने पर तीनों बहनें बहुत खुश हुई और दिनांक 23 मई, 2026 को परिवारजन अजमेर पहुंचकर पिंकी को अपने साथ लेकर गये।
संस्थापक के शब्द -
‘‘नारी निकेतन, अजमेर (राजस्थान) की अधीक्षक सुश्री पिंकी गोडवाल द्वारा मुझे फोन पर बताया गया कि उनके यहाँ मनोचिकित्सा केन्द्र, जयपुर से एक युवती को प्रवेश हेतु भेजा गया है। उनके द्वारा मुझसे युवती का परिवार तलाश करने का निवेदन किया गया और फोन पर युवती से वार्ता करवाई गई। मैंने फोन पर ही युवती की काउंसिलिंग की। इस बीच युवती को अपना घर आश्रम, अजमेर (राजस्थान) में प्रवेश दिया गया। वहाँ के संचालक श्री भगवान शर्मा द्वारा भी मेरे साथ इस प्रकरण में निरन्तर समन्वय बनाये रखकर पूर्ण सहयोग किया गया। काउसिंलिंग के दौरान युवती द्वारा बताई गई जानकारियों के आधार पर LOST FOUND PERSON द्वारा जिला करौली और जिला सवाई माधोपुर में परिवार की तलाश प्रारंभ की गई। अंततः हम पिंकी की बहनों से संपर्क करने में कामयाब हुए, जो अचानक चार साल बाद पिंकी के सकुशल होने की सूचना पाकर बहुत ज्यादा खुश हुई। पिंकी के परिजन अजमेर पहुंचे और अपना घर तथा LOST FOUND PERSON को बार-बार धन्यवाद कहते हुए पिंकी को अपने साथ लेकर गये।''
--- राहुल शर्मा
आभार -
सर्वप्रथम लावारिस पिंकी का चार साल तक निरन्तर उपचार करके उसकी मानसिक स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रशासन और मनोचिकित्सा केन्द्र, जयपुर के समस्त स्टाफ का हार्दिक धन्यवाद। साथ ही नारी निकेतन, अजमेर (राजस्थान) की अधीक्षक सुश्री पिंकी गोडवाल का भी हार्दिक आभार, जिन्होंने संवेदनापूर्वक युवती के उनके यहाँ पहुंचते ही सर्वप्रथम परिवार की तलाश को प्राथमिकता प्रदान की। युवती को सुरक्षित आश्रय देने और युवती व LOST FOUND PERSON के बीच समन्वय बनाये रखने के लिए अपना घर आश्रम, अजमेर के संचालक श्री भगवान शर्मा और समस्त स्टाफ का भी कोटि-कोटि आभार। सपोटरा (जिला करौली, राजस्थान) निवासी श्री राजेश वैध का भी बहुत-बहुत धन्यवाद, जिनके सक्रिय सहयोग से ही युवती के परिवार तक पहुंच सके।